*अल्मोड़ा।* सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या को “आंगन का मिलन” कार्यक्रम का प्रदेश संयोजक बनाया गया है।

रविवार को अल्मोड़ा पहुंची कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विकास भवन में विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की।

मंत्री ने बताया कि जनपद के 1,860 आंगनबाड़ी केंद्रों में “आंगन का मिलन सेवा” मनाया जाएगा। कार्यक्रम के जरिए केंद्र और राज्य पोषित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पोषण आहार एवं टेक होम राशन वितरण, गोद भराई, अन्नप्राशन, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, बच्चों की वृद्धि निगरानी और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं, शिशुओं और बालिकाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण से बच्चों को बेहतर माहौल मिल रहा है।

मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इसे सिर्फ कार्यक्रम न समझें, गंभीरता से तैयारी करें। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।

बैठक में जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गेड़ा, सीडीओ रामजी शरण, एडीएम युक्ता मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *