*बदरीनाथ।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद सीएम ने बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे आस्था पथ सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि धाम की धार्मिक गरिमा और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बदरीनाथ धाम को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है। मास्टर प्लान से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इसके बाद सीएम ने स्वामीनारायण गुरुकुल राजकोट संस्थान द्वारा आयोजित ‘बदरीनाथ धाम कथा महोत्सव’ में प्रतिभाग किया। इसमें 150 से अधिक संत-साध्वी और 1200 से अधिक हरिभक्त शामिल हुए।
सीएम ने कहा कि बदरीनाथ धाम भारत की सनातन चेतना का प्रमुख केंद्र है और सरकार चारधाम सहित सभी तीर्थस्थलों को सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री हरक सिंह, जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, डीएम गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
