*बदरीनाथ।* श्री बदरीनाथ धाम के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में भारतीय सेना और जिला प्रशासन चमोली के संयुक्त तत्वावधान में ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित दो दिवसीय देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026 का रविवार को समापन हुआ।
समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि की लोक संस्कृति हमारी पहचान है और नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सीएम ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया।
इससे पहले सीएम ने बामणी गांव पहुंचकर नंदा अष्टमी उत्सव में ग्रामीणों के साथ प्रतिभाग किया और शुभकामनाएं दीं।
सीएम ने महोत्सव में लगे महिला स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉलों का अवलोकन किया और कहा कि स्थानीय उत्पादों को पर्यटन से जोड़ने से सीमांत क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने सेना की सैन्य प्रदर्शनी भी देखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र पर सरकार काम कर रही है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के काम तेजी से चल रहे हैं। वाइब्रेंट विलेज योजना से माणा, नीति, जादुंग जैसे सीमांत गांवों में सड़क, बिजली, दूरसंचार और पर्यटन सुविधाएं मजबूत हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3.10 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह फेस्टिवल सेना और स्थानीय नागरिकों के बीच सहयोग को मजबूत करता है।
इस अवसर पर जीओसी-इन-सी सेंट्रल कमान लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता, लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा, डीएम गौरव कुमार सहित सेना के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
