*कर्णप्रयाग।* महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सिर्फ कार्यकर्त्री नहीं, बल्कि विभाग की मजबूत रीढ़ हैं, जो विषम परिस्थितियों में भी दायित्वों का निर्वहन करती हैं।

सोमवार को जनपद चमोली के कर्णप्रयाग ब्लॉक सभागार में मंत्री रेखा आर्या ने “सेवा सप्ताह” के तहत मनाए जाने वाले “आंगन का मिलन” कार्यक्रम को लेकर विभागीय अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

मंत्री ने बताया कि जनपद चमोली के 9 ब्लॉकों के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम मनाया जाएगा। अभियान के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा और केंद्र-राज्य पोषित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पोषण माह के तहत पोषण आहार, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की भी जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्थाएं पहले से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

*सफाई वाहनों को दिखाई हरी झंडी*

कैबिनेट मंत्री ने नगर पालिका कर्णप्रयाग में सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर नगर के निर्माण में सभी की सहभागिता जरूरी है, यह सिर्फ नगर पालिका की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, सीडीओ अभिषेक त्रिपाठी सहित विभागीय अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *