*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मजबूत एम-पैक्स से गांव मजबूत होंगे और मजबूत गांवों से समृद्ध उत्तराखंड बनेगा।

सोमवार को सीएम ने मुख्यमंत्री आवास से वर्चुअल माध्यम से पंतनगर में सहकार भारती उत्तराखंड द्वारा आयोजित लक्ष्मणराव इनामदार द्वितीय सहकारिता नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ सत्र को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। पंतनगर की ज्ञानभूमि से सहकारिता को नई दिशा मिल रही है। सहकार ग्रंथ का लोकार्पण, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ, नए पाठ्यक्रम और एम-पैक्स नेतृत्व प्रशिक्षण से सहकारिता को नई ऊर्जा मिलेगी।

सीएम ने कहा कि पर्वतीय राज्य में पलायन रोकने, पर्वतीय कृषि मजबूत करने और स्थानीय उत्पादों को बाजार देने में सहकारिता की बड़ी भूमिका है। पैक्स को एम-पैक्स के रूप में अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। किसानों, युवाओं और मातृशक्ति को सहकारिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सहकारिता का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही लक्ष्य है।

उन्होंने प्रशिक्षण में आए प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता से जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राष्ट्रीय महासचिव दीपक चौरसिया सहित कई लोग वर्चुअल जुड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *