*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन और रोजगार से जुड़ी समस्याएं रखीं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। जो समस्याएं जिला या विभाग स्तर पर हल हो सकती हैं, उन्हें शासन स्तर पर लंबित न रखा जाए। जनता को अपने कामों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सीएम ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन-1905 और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के जरिए शिकायतों के समाधान को और प्रभावी बनाया जा रहा है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चल रहा है, जिसके तहत सेवा सेतु, स्वास्थ्य और बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हर शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग हो और समाधान सिर्फ कागजी न रहे, बल्कि पीड़ित को वास्तविक राहत मिले।

इस दौरान थाईलैंड में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित 9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी सीएम से भेंट की। मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक जीता था। सीएम ने उन्हें बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *