*देहरादून।* देहरादून के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) की सूरत बदलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने करीब 27.50 करोड़ रुपये की लागत से ISBT के सुदृढ़ीकरण और उच्चीकरण का काम शुरू किया है, जो अब अंतिम चरण में है।
लगभग 10 एकड़ में फैले ISBT को अब सिर्फ बस अड्डा नहीं, बल्कि आधुनिक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। योजना के तहत प्लेटफॉर्म के फर्श बदले जाएंगे, आधुनिक शौचालय, प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री और पेयजल सुविधाएं विकसित होंगी। परिसर में लैंडस्केपिंग, ऊर्जा कुशल विद्युत व्यवस्था, कैब सेवाओं के लिए ओला-उबर बूथ और ई-चार्जिंग सुविधाएं भी बनेंगी। MDDA ने कियोस्कों को पहाड़ी शैली में विकसित करने की पहल भी की है।
MDDA सचिव मोहन सिंह बर्निया ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर ISBT को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया जाना प्राथमिकता है। भविष्य में यहां प्रतिदिन 2000 से अधिक बसों के संचालन की क्षमता विकसित की जा रही है।
