*टिहरी।* सेवा सप्ताह के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक टिहरी जनपद के 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित होगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जनपद में 2012 केंद्र सक्रिय हैं और ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में महिलाओं को पीएम मातृ वंदना, नंदा गौरा, मुख्यमंत्री वात्सल्य और एकल महिला स्वरोजगार योजना सहित कई योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया जाएगा।
बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मानदेय बढ़ोतरी की मांग रखी, जिस पर मंत्री रेखा आर्या ने जल्द कैबिनेट में प्रस्ताव लाने का आश्वासन दिया। इस दौरान डीएम नितिका खंडेलवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
