*देहरादून।* नीट यूजी 2025 में फर्जी दस्तावेजों से एमबीबीएस में प्रवेश के मामले में देहरादून पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। थाना रायपुर और क्लेमेंटाउन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र फर्जी पाए जाने पर 13 सितंबर को अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए थे, जिसकी जांच के लिए एसपी ग्रामीण जया बलोनी के नेतृत्व में SIT गठित की गई।
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी रूपेश पंडित मेरठ में MECODO पाठशाला नाम से एजुकेशन कंसल्टेंसी चलाता है और पिछले 5 साल से कमीशन पर प्राइवेट यूनिवर्सिटीज और विदेशों में एडमिशन दिलाता था। उसने साथियों के साथ मिलकर तीन अभ्यर्थियों के फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनवाए और प्रत्येक एडमिशन के लिए 45 लाख रुपये की डील की थी, जिसमें 20-20 लाख एडवांस लिया गया था।
SIT ने दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच में पतों को गलत पाया और साक्ष्यों के आधार पर रूपेश पंडित निवासी मेरठ (मूल बिहार) और अरविंद कुमार निवासी लक्सर हरिद्वार को रायपुर थाने पर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार प्रकरण में अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
