*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी द्वारा संचालित चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया।
मुख्यमंत्री ने पर्वतारोहियों को बधाई देते हुए कहा कि उनका साहस, अनुशासन और टीम भावना युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। NIM ने पर्वतारोहण और साहसिक खेलों के क्षेत्र में देश में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है।
NIM और JIM&WS पहलगाम के संयुक्त दल ने कर्नल हेम चंद्र सिंह के नेतृत्व में 22 फरवरी 2026 को अर्जेंटीना की 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ चोटी पर सफल आरोहण किया था, जिसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्लैग ऑफ किया था।
वहीं NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित के नेतृत्व में नुन-कुन अभियान-2026 के तहत दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन, 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर सफल आरोहण कर एक ही अभियान में तीन चोटियां फतह करने की उपलब्धि हासिल की।
