*देहरादून।* मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में बैठक लेकर टिहरी झील को ‘वन स्टेट, वन ग्लोबल डेस्टिनेशन’ के रूप में विकसित करने के लिए समग्र मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि झील के आसपास के लगभग 8 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को शामिल करते हुए मास्टर और जोनल प्लान बनाया जाए, जिसमें सरकारी और निजी भूमि दोनों शामिल हों। बेतरतीब विकास रोकने के लिए जोन निर्धारित किए जाएं और सभी स्टेकहोल्डर्स से विचार-विमर्श किया जाए। प्लानिंग के लिए SPA दिल्ली और भोपाल से तकनीकी सहयोग लेने पर भी विचार किया जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि लेक एरिया में आकर्षण के प्रमुख केंद्र (मैगनेट एरिया) विकसित किए जाएं और फेजवाइज प्लानिंग हो। ऐसी गतिविधियां विकसित की जाएं कि पर्यटक एक-दो दिन से अधिक रुकें। वाटर स्पोर्ट्स के साथ एडवेंचर, ट्रैकिंग, नेचर, कल्चर और विलेज टूरिज्म को एकीकृत किया जाए।

उन्होंने अप्रैल-जून में जलस्तर कम रहने के दौरान भी पर्यटन गतिविधियां जारी रखने के लिए कैलेंडर तैयार करने, नए ट्रैकिंग रूट विकसित करने और गांवों को पर्यटन से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही इस पूरे प्रोजेक्ट की विस्तृत प्रेजेंटेशन पीएम के समक्ष रखने की तैयारी करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *