*देहरादून, 27 सितंबर 2026।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 138वां संस्करण सुना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। पीएम द्वारा ‘मन की बात’ में उत्तराखण्ड के सीमांत गांवों का विशेष उल्लेख किया जाना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में उत्तराखण्ड के दुर्गम और बर्फीले क्षेत्रों में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने चमोली स्थित देश के प्रथम गांव माणा का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां जनगणना की शुरुआत 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत से की गई, वहीं उत्तरकाशी के बगोरी गांव में होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा ने डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की।
सीएम धामी ने कहा कि माणा और बगोरी जैसे गांवों के उदाहरण सीमांत क्षेत्रों में बदलाव और डिजिटल जागरूकता को दर्शाते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से जनगणना में सही जानकारी देकर राष्ट्रीय दायित्व में सहयोग की अपील की।
पीएम ने कार्यक्रम में 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने पर भारतीय सेना के शौर्य को याद किया और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्त युवा अभियान, ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर जनभागीदारी का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से पीएम के संदेशों को आत्मसात कर विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने को कहा।
