*ऋषिकेश/देहरादून, 27 सितंबर 2026।* एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 मुकदमों वाले हिस्ट्रीशीटर को लाखों की चरस और स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने 25 सितंबर को चौकी श्यामपुर क्षेत्र में जंगलात रोड, गुज्जर प्लॉट के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध को जंगल की ओर भागते हुए रोका। तलाशी में उसके पास से 435 ग्राम चरस, 14.50 ग्राम स्मैक, 2 मोबाइल फोन और 1900 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद मादक पदार्थों की कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी की पहचान गुरुचरण सिंह उर्फ मुन्ना पुत्र स्व. सुभाष, निवासी गली नं. 19, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश (उम्र 57 वर्ष) के रूप में हुई। वह कोतवाली ऋषिकेश का हिस्ट्रीशीटर है और पूर्व में मादक पदार्थ व अवैध शराब तस्करी में कई बार जेल जा चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 51 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पूछताछ में तस्करी में उसकी पत्नी शांति देवी और दामाद सौरभ बत्रा के भी शामिल होने की बात सामने आई है। दोनों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
