*देहरादून, 27 सितंबर 2026।* थाना रायपुर क्षेत्र में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में दून पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को हरिद्वार के नवोदय नगर से पकड़ा गया।
23 सितंबर को वादिनी सुषमा शर्मा ने थाना रायपुर में तहरीर दी थी कि नाला पानी चौक के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने एक अभियुक्ता को पहले ही हिरासत में लिया था।
पूछताछ में सामने आया कि पैसों के लेन-देन के विवाद में घटना को अंजाम दिया गया था। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 27 सितंबर को मुख्य आरोपी प्रियांशु पुत्र स्व. सुखपाल, निवासी अन्नकी रोशनाबाद, सिडकुल हरिद्वार (उम्र 19 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
आरोपी ने बताया कि उसके साथी दीपक का पीड़िता से पैसों को लेकर विवाद था और दीपक के कहने पर वह अपने साथी आदित्य और लक्की के साथ महिला को डराने के लिए देहरादून आया था। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
