*देहरादून, 27 सितंबर 2026।* कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप डाउनलोड कर वादी को धमकाया था।
24 सितंबर को वादी भगवती प्रसाद निवासी झिवारेडी ने शिकायत दी थी कि अज्ञात लोग फोन पर पैसे मांग रहे हैं और न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले में मुकदमा दर्ज कर एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
26 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पटेल नगर क्षेत्र से विशु पुत्र चंद्रपाल (19 वर्ष) और अभिषेक पुत्र सुखपाल (21 वर्ष), दोनों निवासी नजरपुरा, मंगलौर, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। कब्जे से 3 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विशु ने कुछ समय पहले वादी के घर में भवन निर्माण का काम किया था, इसलिए उसके पास वादी का नंबर था। पैसों की तंगी के चलते दोनों ने रंगदारी की योजना बनाई। इसी दौरान अभिषेक के पास एक व्यक्ति अपना मोबाइल ठीक कराने आया तो उसने चालाकी से उसके नंबर से अपने फोन में व्हाट्सएप डाउनलोड कर वादी को धमकी भरे कॉल किए। दोनों आरोपी वादी से पैसे लेने देहरादून आए थे तभी पकड़े गए।
