*देहरादून, 27 सितंबर 2026।* मौसम विभाग के रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार देर शाम राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वर्षा की स्थिति, नदियों के जलस्तर, बंद सड़कों, भूस्खलन, बिजली-पानी और संचार सेवाओं की जानकारी ली। सभी जिलाधिकारियों को क्षति का आकलन कर USDMA को रिपोर्ट भेजने और प्रभावितों को जल्द मुआवजा देने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढा-मुक्त करने का अभियान पूरा करने को कहा।
*ट्रेकर्स रेस्क्यू और अन्य निर्देश:*
मुख्य सचिव ने उत्तरकाशी और बागेश्वर में हाई एल्टीट्यूड ट्रेकिंग पर फंसे 179 ट्रेकर्स (उत्तरकाशी में 136, बागेश्वर में 43) के रेस्क्यू प्लान की समीक्षा की। 28 सितंबर सुबह 6 बजे से हेलीकॉप्टरों से रेस्क्यू शुरू करने, हर हेली में सैटेलाइट फोन रखने और AIIMS ऋषिकेश व श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए। बागेश्वर के 43 ट्रेकर्स सुरक्षित स्थानों पर हैं, फंसे नहीं हैं।
उन्होंने चारधाम यात्रा मौसम और मार्ग की स्थिति देखकर संचालित करने, नदियों के जलस्तर पर 24 घंटे निगरानी, गर्भवती महिलाओं-बुजुर्गों की विशेष देखभाल और डेंगू रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर फॉगिंग व जल निकासी अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।
