*देहरादून, 28 सितंबर 2026।* महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आज नंदा की चौकी आंगनवाड़ी केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मंत्री ने गर्भवती महिलाओं यमनोत्री, रचना, नीरज और महिमा की गोदभराई कराई। साथ ही सुनीता-कुसुम को महालक्ष्मी किट, चांदनी, पूनम, संजीदा को बेबी किट और सोनाली, दिव्या, मनीषा को पोषण किट वितरित की।
मंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र सिर्फ पोषण वितरण केंद्र नहीं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य और किशोरियों के पोषण को मजबूत करने का माध्यम हैं। आंगनवाड़ी बहनें दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार उनके काम को और सुविधाजनक बनाने पर लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महालक्ष्मी किट, बेबी किट जैसी योजनाओं से मातृत्व और बाल स्वास्थ्य को सहयोग मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और किशोरियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
