देहरादून, 28 सितंबर 2026। दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स के रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि कुल 179 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स फंसे थे, जिनमें 136 उत्तरकाशी और 43 बागेश्वर के पिंडारी ग्लेशियर क्षेत्र में हैं।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तरकाशी में 40 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि 40 लोगों ने रेस्क्यू से इनकार कर यात्रा जारी रखने की बात कही है। शेष लोगों को निकालने के लिए अभियान कल सुबह 6 बजे से फिर शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू के लिए 8 हेलीकॉप्टर तैनात करने के निर्देश दिए और हेली एंबुलेंस को स्टैंडबाय पर रखने को कहा। उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से फोन पर स्थिति की जानकारी ली और कहा कि फंसे हर व्यक्ति की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेस्क्यू में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने चारधाम और सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए दीर्घकालिक और स्थायी प्लान तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा भी सुनिश्चित हो सके।
