*देहरादून, 30 सितंबर।* उत्तराखंड में 1 अक्टूबर से मिलेट्स की खरीद शुरू होगी। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि यूसीएफ प्रदेशभर में 250 क्रय केंद्रों के जरिए किसानों से सीधे मंडुवा, झंगोरा, चौलाई, दालें और तिलहन खरीदेगा।
इस साल मंडुवा का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 52.05 रुपये प्रति किलो किया गया है, जो पिछले साल 48.86 रुपये था। मंत्री ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर दाम देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
पिछले साल 214 केंद्रों से 11,153 किसानों से 53,860 कुंतल मंडुवा खरीदा गया था। इस बार 36 अतिरिक्त केंद्र खोले गए हैं। सचिव सहकारिता डॉ. इकबाल अहमद ने सभी जिलाधिकारियों को किसानों तक खरीद मूल्य की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। भुगतान DBT से होगा।
