*देहरादून, 06 अक्टूबर -* मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में जनपदों के शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर बैठक हुई।
मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों को आपसी समन्वय से लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी संबंधित विभागाध्यक्षों से सीधे संवाद कर समाधान कराएं और आवश्यकता होने पर उच्चाधिकारियों से समन्वय करें। जनपद स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सड़कों, पुलों, भवनों और अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा। जिन मामलों में विभागीय निर्णय लिया जाना है, उनमें समयबद्ध कार्रवाई हो।
बताया गया कि प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को यह बैठक आयोजित की जा रही है। जिलाधिकारियों ने बताया कि इस पहल से वर्षों से लंबित कई प्रकरणों का समाधान हुआ है और निस्तारण में तेजी आई है।
बैठक में प्रमुख सचिव एल फैनाई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव नितेश कुमार झा सहित सभी सचिव और कमिश्नर कुमाऊं-गढ़वाल व सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।
