*देहरादून -* दून पुलिस ने युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
दिनांक 06 अक्टूबर को राज सिंह चौहान पुत्र भूपेन्द्र सिंह चौहान निवासी टी स्टेट बंजारावाला ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर दी थी कि 05 अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने उसे हरिद्वार बाईपास रोड पर मिलने के लिए बुलाया। वहां उसे जबरदस्ती गाड़ी में डालकर उसके साथ गंभीर मारपीट की गई और जान से मारने की नीयत से अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया गया।
तहरीर के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी पर मुकदमा अपराध संख्या 411/2026 धारा 117(2), 191(2), 351(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर इसमें धारा 140(1) अपहरण और 3(5) बीएनएस की वृद्धि की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गठित पुलिस टीम ने 08 अक्टूबर को सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अनुराग डोभाल (29) पुत्र जगदंबा डोभाल निवासी चंडीगढ़, अभिषेक (22) सहारनपुर, अभय चौधरी (23) हरिद्वार और कुर्बान (23) पानीपत निवासी शामिल हैं।
