*बागेश्वर/देहरादून:* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को बागेश्वर के मंडलसेरा स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ किया। यूकॉस्ट के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय इस महोत्सव में चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के 240 चयनित बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर रहे हैं।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए चार बड़ी घोषणाएं कीं।

 

*सीएम की 4 बड़ी घोषणाएं:*

*1.* सीमांत जनपद विज्ञान महोत्सव और संबंधित कार्यक्रमों के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि।

*2.* प्रदेश के सभी जनपदों में विज्ञान एवं नवाचार केंद्र की स्थापना।

*3.* राज्य की सभी STEM लैब्स को AI से जोड़ा जाएगा।

*4.* सभी विकासखंडों में एक-एक लैब ऑन व्हील्स स्थापित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्कूलों में AI, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक को बढ़ावा दे रही है ताकि छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

सीएम ने बताया कि देहरादून में साइंस सिटी और चंपावत में साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों कविता हरकोटिया, दीप चंद जोशी, हरिमोहन ऐठाणी और ख्याली दत्त को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में विधायक सुरेश गड़िया, पार्वती दास, यूकॉस्ट महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *