*देहरादून, 09 अक्टूबर:* मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में उत्तराखण्ड रोपवे डेवलपमेंट लिमिटेड के निदेशक मंडल की बैठक हुई, जिसमें केदारनाथ रोपवे परियोजना की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने परियोजना में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि वन स्वीकृति का प्रस्ताव जल्द पोर्टल पर अपलोड किया जाए और प्रतिपूरक वनीकरण के लिए चिन्हित भूमि का पुनः सत्यापन किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां राजस्व भूमि पर टावर बनने हैं और वन स्वीकृति की जरूरत नहीं है, वहां नींव का काम तुरंत शुरू कर दिया जाए और यूटिलिटी शिफ्टिंग में भी तेजी लाई जाए।
मुख्य सचिव ने प्रत्येक टावर के काम शुरू होने और पूरा होने की तिथि तय कर कैलेंडर और PERT चार्ट तैयार करने को कहा। साथ ही गौरीकुंड और सोनप्रयाग के पास पार्किंग, जनसुविधाओं और आवासीय सुविधाओं के विकास के लिए भूमि चिन्हित कर योजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा के पीक सीजन में निर्माण से यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था पहले से की जाए और समन्वय के लिए जिलाधिकारियों और DFO को बोर्ड बैठक में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया जाए।
