*बाजपुर, 9 अक्टूबर:* बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुई भीषण ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।
घटना के समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। जैसे ही उन्हें ओलावृष्टि की सूचना मिली, उन्होंने खराब मौसम के बावजूद पायलट को हेलीकॉप्टर बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने पहले हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान का जायजा लिया, इसके बाद बाजपुर में उतरकर सीधे खेतों में पहुंचे। उन्होंने किसानों से संवाद किया, फसलों को हुए नुकसान को देखा और उनकी समस्याएं सुनीं।
किसानों से बातचीत के दौरान सीएम ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में सरकार पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और हरसंभव मदद दी जाएगी।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वे और नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर तुरंत पूरा किया जाए। राहत राशि और सहायता समयबद्ध तरीके से किसानों तक पहुंचाई जाए, इसमें किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
