*हल्द्वानी, 9 अक्टूबर:* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज सभागार में प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का शुभारंभ किया और व्यापारी हित में 8 बड़ी घोषणाएं कीं। सीएम ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा और हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी केवल क्रय-विक्रय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने में अहम भूमिका निभाते हैं। सरकार व्यापारियों को करदाता नहीं बल्कि विकास का भागीदार मानती है।
*सीएम की 8 प्रमुख घोषणाएं -*
*1.* प्राकृतिक आपदा से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत दी जाएगी।
*2.* राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें होंगी।
*3.* जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा।
*4.* पर्यटन व्यवसाय के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल और सिंगल विंडो सिस्टम लागू होगा।
*5.* पर्यटन क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होमस्टे का विस्तार किया जाएगा।
*6.* चारधाम यात्रा मार्ग पर जरूरी स्थानों पर पार्किंग विकसित की जाएगी।
*7.* हाईवे और प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़क-नाली निर्माण को प्राथमिकता मिलेगी।
*8.* दुकानों में काम करने वाले पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ मिलेगा।
सीएम ने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम से 26 विभागों की 206 से ज्यादा सेवाएं ऑनलाइन हैं, निवेश मित्र व्यवस्था लागू है और 200 करोड़ के वेंचर फंड के साथ स्टार्टअप नीति लाई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में उद्यमिता बढ़ाने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्क के लिए भूमि चिन्हित की गई है।
इस दौरान व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन और विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया।
