*देहरादून, 10 अक्टूबर:* प्रदेश में भूकंप से बचाव की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली का परीक्षण किया गया। इस दौरान प्रदेश भर में लगे 112 सायरनों पर अलर्ट मिला और भूदेव मोबाइल ऐप पर भी परीक्षण चेतावनी प्राप्त हुई।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से इस मॉक ड्रिल की निगरानी की गई। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन SEOC में मौजूद रहे, जबकि IIT रुड़की के वैज्ञानिक ऑनलाइन जुड़े रहे। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के निर्देश पर अब हर माह की 9 तारीख को सुबह 11 बजे सायरन बजाकर सिस्टम का परीक्षण किया जाएगा।
सचिव सुमन ने बताया कि परीक्षण काफी हद तक सफल रहा। जिन सायरनों में तकनीकी दिक्कतें मिली हैं, उन्हें IIT रुड़की द्वारा चिन्हित किया जा रहा है ताकि समय रहते उन्हें ठीक किया जा सके।
उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित हैं। USDMA और IIT रुड़की के सहयोग से और अधिक सेंसर लगाने का प्रस्ताव भी गतिमान है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने फोन में भूदेव ऐप का अपडेटेड वर्जन इंस्टॉल रखें और लोकेशन की अनुमति दें, ताकि वास्तविक आपात स्थिति में समय पर अलर्ट मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज बजा सायरन केवल पूर्व निर्धारित परीक्षण था, वास्तविक भूकंप की चेतावनी नहीं।
