*देहरादून, 10 अक्टूबर:* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के तपोवन रोड स्थित क्षत्रिय चेतना मंच में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को कृषि यंत्र, मशरूम मिनीकिट, महालक्ष्मी एवं किशोरी किट का वितरण किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जिन समस्याओं में समय लगेगा, उसकी स्पष्ट जानकारी शिकायतकर्ता को दी जाए।

सीएम ने कहा कि 17 सितंबर से पीएम मोदी के जन्मदिन से सेवा संकल्प अभियान चल रहा है। इससे पहले ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दो चरणों में 6.5 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की और बड़ी संख्या में समस्याओं का समाधान हुआ।

उन्होंने कहा कि इन शिविरों का मकसद केवल स्टॉल लगाना नहीं, बल्कि योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। डबल इंजन सरकार प्रमाणपत्र, पेंशन, राशन कार्ड और स्वास्थ्य सुविधाओं को सरल और सुलभ बना रही है, ताकि बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिविरों में स्वास्थ्य जांच और परामर्श से बीमारियों की समय पर पहचान होगी। आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान योजनाओं से पात्र लोगों को लाभ दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *