*देहरादून, 11 अक्टूबर:* अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर देहरादून के IRDT सभागार सर्वे चौक में ‘बालिका शिक्षा प्रोत्साहन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम में शिरकत की और उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद स्तर पर प्रथम, द्वितीय, तृतीय और ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कुल 149 मेधावी बालिकाओं को स्मार्टफोन देकर सम्मानित किया।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं का हमेशा उल्लेखनीय योगदान रहा है। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस बेटियों की प्रतिभा, क्षमता और सामर्थ्य को पहचानने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पहले बेटियों के जन्म को अभिशाप माना जाता था, लेकिन शिक्षा और जागरूकता ने सोच बदली है। आज बेटियां हर क्षेत्र में सफलता के नए कीर्तिमान बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों की प्रतिभा को सम्मान देने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। बेटियों को बेहतर शिक्षा, समान अवसर और प्रोत्साहन देना जरूरी है ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर विकसित भारत के निर्माण में भूमिका निभा सकें। उन्होंने छात्राओं से अपनी उपलब्धियों को अंतिम मंजिल नहीं बल्कि शुरुआत मानकर ऊंची उड़ान भरने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *