*देहरादून, 11 अक्टूबर:* एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर नगर से देहात तक दून पुलिस ने शनिवार को वृहद सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने मलिन बस्तियों, पॉश कॉलोनियों, हॉस्टल, पीजी और होम स्टे में रह रहे लगभग 1500 बाहरी व्यक्तियों और छात्रों का सत्यापन किया।
साथ ही पूर्व की आपराधिक घटनाओं में लिप्त, प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे 28 अभियुक्तों का भी भौतिक सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन न कराने और अन्य अनियमितताएं मिलने पर 147 भवन स्वामियों का 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 14 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा संदिग्धता के आधार पर 23 व्यक्तियों को थाने लाकर उनसे विस्तृत पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
