*नरेंद्रनगर, टिहरी – 11 अक्टूबर:* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का नवरात्रि के प्रथम दिवस पर ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। उन्होंने सांस्कृतिक झांकियों, विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर मां कुंजापुरी की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने मेले की स्वर्ण जयंती और शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह मेला लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ते हैं और पर्यटन-व्यापार को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती और आयोजन समिति की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ और केदारनाथ-बदरीनाथ में सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन हो रहा है। राज्य सरकार केदारखंड और मानसखंड मंदिरों में सुविधाएं बढ़ा रही है।
सीएम ने बताया कि पलायन रोकने के लिए ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से 6 करोड़ से अधिक की बिक्री हो चुकी है। रिवर्स पलायन में 44% वृद्धि हुई है। सरकार UCC, भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी और नकल विरोधी कानून जैसे कदमों से सांस्कृतिक पहचान की रक्षा कर रही है और 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
टिहरी में झील के चारों ओर रिंग रोड, जलक्रीड़ा, होमस्टे, पॉलिटेक्निक का उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय और 50 करोड़ की सीवर लाइन जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
यह राज्य स्तरीय मेला 11 से 19 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें पद्मश्री बसंती बिष्ट, नरेंद्र सिंह नेगी, प्रीतम भरतवाण सहित कई कलाकार प्रस्तुति देंगे।
